Chamba: एनएच पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चम्बा के दो युवक 15.4 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार

पुलिस की एसआईयू टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पठानकोट–चम्बा–भरमौर नेशनल हाईवे पर चेहली गांव के समीप पुलिस ने दो युवकों को 15.4 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार रात को की गई, जब एसआईयू टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की हुई थी।

नाकाबंदी के दौरान बनीखेत से चम्बा की ओर आ रहे एक निजी वाहन को पुलिस ने जांच के लिए रोका। वाहन में सवार दोनों युवक तलाशी के दौरान घबरा गए और पुलिस के सवालों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। शक गहराने पर पुलिस ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली, जिसमें सीट के नीचे छिपाकर रखी गई एक प्लास्टिक की पुड़िया बरामद हुई। जांच करने पर पुड़िया में 15.4 ग्राम चिट्टा पाया गया।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान दीक्षित शर्मा पुत्र दिवेश शर्मा निवासी मोहल्ला सुराड़ा, तहसील व जिला चम्बा तथा शिवम बढ़ोतरा पुत्र स्वर्गीय योगराज निवासी मोहल्ला द्रोबी, जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!