Hamirpur: नादौन में चमकीं बेटियां, शिक्षा और खेल में कमाल करने वाली छात्राओं को मिला खास सम्मान

ग्राम पंचायत बलडूहक, करंडोला प्लासी, पुतड़ियाल, रैल, बड़ा, फस्टे, चौड़ू, जीहण, सपड़ोह और बरधियाड़ की उन मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इन प्रतिभाशाली बेटियों के सम्मान में बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन की ओर से सोमवार को गांव बड़ा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एक प्रेरणादायक संवाद शिविर का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, वृत्त पर्यवेक्षक हर्ष बाला और अजय कुमार के अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, क्षेत्र की करीब 30 लोकल चैंपियन बेटियां और उनके अभिभावक शामिल हुए। शिविर के दौरान संजय गर्ग ने सभी मेधावी छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके भविष्य के लक्ष्यों और योजनाओं पर खुलकर चर्चा की।

संजय गर्ग ने चैंपियन बेटियों से अपील की कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करें और आत्मविश्वास बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आज की बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत बनना होगा, तभी वे समाज में अपनी अलग पहचान बना सकेंगी। इस मौके पर बाल विवाह रोकथाम अधिनियम और बाल मजदूरी प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी भी दी गई, ताकि छात्राएं अपने अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की चैंपियन बेटियों नैंसी, मुस्कान, नैंसी धीमान, शगुन, नैंसी ठाकुर, प्राची, सुहानी, प्रगति परमार, स्नेहा, अकांक्षा, शानवी, सिमरन, पलक, श्रुति, इषिता, महक, श्वेता, सलोनी, विशाली, कोमल, धारवी, आशी, सरगम, कनवी कौर और सुहानी सहित अन्य छात्राओं को स्मृति चिह्न, नाम पट्टिका, मग, सेनीटेशन किट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने न सिर्फ बेटियों का हौसला बढ़ाया, बल्कि अभिभावकों और समाज को भी प्रेरित किया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!