पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कटोरी बंगला स्थित लखदाता मंदिर के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार में सवार मां और बेटे को इस दुर्घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाथरी निवासी मां-बेटा बुधवार सुबह अपनी निजी कार में चंडीगढ़ से बाथरी की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे जब वे जिले की सीमा के पास कटोरी बंगला में लखदाता मंदिर के समीप पहुंचे, तो एक तीखे मोड़ पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से फिसलती हुई सीधे नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान कार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर कार में फंसे मां और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला। इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद दोनों का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।
हादसे के बाद मां-बेटा कुछ देर तक घटनास्थल पर ही रुके रहे। बाद में उनके परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को दूसरे वाहन में बिठाकर सुरक्षित रूप से बाथरी के लिए रवाना किया गया। वहीं पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!