Kinnaur: किन्नौर में दिल दहला देने वाला हादसा: 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार, महिला की मौत, 3 गंभीर घायल

जिला किन्नौर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पालींगचे सड़क मार्ग पर एक टाटा पंच वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे टाटा पंच वाहन (नंबर HP 25A-5008) करछम से सांगला की ओर जा रहा था। पालींगचे के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से नीचे खाई में लुढ़क गई। हादसे के समय गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और सांगला पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान धनवती पत्नी अजीत सिंह, निवासी शोंग जिला किन्नौर ने दम तोड़ दिया। वहीं वाहन चालक जीवन सिंह पुत्र हीरपाल सिंह निवासी घरशू (निचार), मोहन सिंह निवासी कामरू और कांता देवी निवासी शोंग की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।

सांगला थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, स्थानीय प्रशासन ने त्वरित राहत प्रदान करते हुए मृतक महिला के परिजनों को 25 हजार रुपये और प्रत्येक घायल को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!