दलाई लामा के नोबेल शांति पुरस्कार की 36वीं वर्षगांठ पर स्कूल में हुआ खास आयोजन, बच्चों को मिला प्रेरणा का संदेश

परम पावन 14वें दलाई लामा को 10 दिसंबर 1989 को मिले नोबेल शांति पुरस्कार की 36वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय लंबाहार, बीड़ में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय तिब्बती प्रशासन धर्मशाला की ओर से करुणा वर्ष गतिविधियों के अंतर्गत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत देगे सेटलमेंट ऑफिसर कुंचोक लहामो ने की। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद डेगी डिवीजन के अध्यक्ष छेयरिंग दोर्ज़े ने बच्चों को संबोधित किया और दलाई लामा तथा तिब्बती समुदाय द्वारा समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को करुणा, शांति और सेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में क्योर के उपप्रधान रोबिन ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। शिव वालिया ने बच्चों से मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने और जीवन में अच्छाई के रास्ते पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को अपने हुनर को भी निखारना चाहिए ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के मुख्य अध्यापक रंजीत ने तिब्बती समुदाय और सभी विशिष्ट अतिथियों का विद्यालय में इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा देते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!