Himachal: कंडक्टर यूनियन की हाईकोर्ट में बड़ी जीत, वेतन विसंगति खत्म करने के आदेश लागू कराने की तैयारी तेज

एचआरटीसी स्टेट कंडक्टर यूनियन ने वेतन विसंगति से जुड़े लंबे समय से चल रहे मामले में हाईकोर्ट से बड़ी जीत हासिल की है। इस फैसले के बाद यूनियन ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों को तुरंत जारी कर लागू किया जाए, ताकि हजारों परिचालकों को उनका लंबित वित्तीय लाभ मिल सके।

इसी मुद्दे सहित अन्य अहम विषयों पर चर्चा के लिए स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन हिमाचल प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक शिमला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के पूर्व प्रधान कृष्ण चंद ने की। इसमें प्रदेशभर से यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि परिचालकों की वेतन विसंगति से जुड़ा मामला यूनियन हाईकोर्ट से जीत चुकी है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस फैसले को धरातल पर उतारने के लिए जल्द ही एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक से मुलाकात की जाएगी। यूनियन का कहना है कि आदेश लागू होने से प्रदेश के हजारों निगम परिचालकों को वह आर्थिक लाभ मिलेगा, जिसका वे कई वर्षों से इंतजार कर रहे हैं।

इस बैठक में यूनियन के मुख्य सलाहकार यशवंत ठाकुर, प्रधान प्रीत महिंद्र, अध्यक्ष जीवन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज चौहान, महासचिव दिपेंदर कुमार, संगठन मंत्री प्रमोद ठाकुर, वरिष्ठ उप प्रधान नवीन ठाकुर, उप प्रधान सुनील दिवांटा, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में यूनियन ने यह भी फैसला लिया कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की वजह से परिचालकों के वेतन में विसंगति पैदा हुई, उनके खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। यूनियन ने प्रबंध निदेशक से यह भी मांग की है कि एरियर की वसूली उन अधिकारियों से की जाए जिन्होंने यह विसंगति उत्पन्न की और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा समय पर वेतन न मिलने की समस्या पर भी यूनियन ने चिंता जताई। यूनियन नेताओं ने कहा कि निगम में परिचालकों को हर महीने समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे कर्मचारियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर यूनियन जल्द ही प्रबंध निदेशक को मांग पत्र सौंपेगी।

इस मौके पर यूनियन महासचिव दिपेंदर कुमार ने कहा कि कंडक्टर यूनियन परिचालकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जल्द ही इन सभी मुद्दों को लेकर प्रबंधन के साथ औपचारिक बैठक की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!