Bilaspur: जल तरंग जोश महोत्सव में जोश भरते वरिष्ठ नागरिक! 78 साल तक के एथलीटों ने ट्रैक पर दिखाया दम

बिलासपुर में आयोजित जल तरंग जोश महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। रेड क्रॉस सोसायटी बिलासपुर द्वारा आयोजित इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में वृद्ध प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 100 मीटर रिले, 400 मीटर रिले, 100 मीटर और 200 मीटर मास्टर्स एथलेटिक्स जैसी स्पर्धाएँ शामिल रहीं।

रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव अमित कुमार ने बताया कि 100 मीटर रिले में राजेंद्र शर्मा प्रथम, सुशील पुण्डीर दूसरे और प्रकाश चंद मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे। वहीं 400 मीटर रिले में सुरेश नड्डा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रणजीत सिंह दूसरे और सुशील पुण्डीर तीसरे स्थान पर रहे।

100 मीटर मास्टर्स एथलेटिक्स में चुन्नी लाल लखनपाल ने सबसे तेज प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। उनके बाद सुरेंद्र कुमार दूसरे और राजेंद्र शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर मास्टर्स दौड़ में सुशील पुण्डीर ने पहला, सुरेश नड्डा ने दूसरा और प्रकाश चंद मिश्रा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अमित कुमार ने बताया कि इन सभी प्रतिभागियों ने हाल ही में चेन्नई में आयोजित 23वीं एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया था। 78 वर्षीय चुन्नी लाल लखनपाल, 70 वर्षीय सुरेश नड्डा, 61 वर्षीय सुरेंद्र कुमार और 61 वर्षीय रणजीत सिंह का जोश देखना अपने आप में प्रेरणादायक रहा। बिलासपुर और हिमाचल प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि इतने वरिष्ठ नागरिक अब भी एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!