हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग उपमंडल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल में अढ़ाई साल के मासूम बच्चे के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि महिला जेबीटी शिक्षिका ने बच्चे को सिर्फ इसलिए थप्पड़ मार दिया क्योंकि उसने स्कूल में शौच कर दिया था। इस घटना के बाद बच्चा काफी डरा हुआ बताया जा रहा है।
पीड़ित बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपने बेटे का स्कूल में दाखिला करवाया था। घटना वाले दिन भी बच्चे को रोज की तरह स्कूल भेजा गया था। इसी दौरान उनकी बहन का फोन आया, जिसने बताया कि स्कूल में बच्चे को पीटा गया है। जब पिता स्कूल पहुंचे और शिक्षिका से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वह बच्चों का शौच साफ करने के लिए नहीं हैं।
पिता का आरोप है कि शिक्षिका का रवैया बेहद खराब था और उन्होंने कहा कि जो करना है कर लो। इसके बाद पिता स्कूल प्रिंसिपल के पास भी गए, लेकिन वहां भी शिक्षिका का व्यवहार नहीं बदला और उन्होंने प्रिंसिपल के सामने भी पिता के साथ दुर्व्यवहार किया।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा रोते हुए बताता नजर आ रहा है कि उसे टीचर ने थप्पड़ मारा। पिता का कहना है कि इलाके की कई अन्य महिलाएं भी इस शिक्षिका से परेशान हैं और करीब 10 महिलाओं ने भी शिकायत की बात कही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!