सोलन: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के समर्थन में सोलन में भी लोगों का आक्रोश देखने को मिला। शहर के चिल्ड्रन पार्क में युवाओं, महिलाओं और सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल और सांकेतिक धरना देकर परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रहे पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ आवाज बुलंद की।

यह कार्यक्रम जागरूक युवा संगठन, जागरूक नागरिक मंच और क्षेत्र के कई सामाजिक एवं जन संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित हो रही है, जिससे लाखों मेहनती युवाओं का भविष्य संकट में पड़ रहा है।
इस दौरान व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भूख हड़ताल पर बैठे। इनमें पूर्व आईएएस अधिकारी शरभ नेगी, अधिवक्ता मनोज वर्मा, विकास ठाकुर, नीतीश ठाकुर, अनिल ठाकुर, किरण किशोर, विजय भट्टी और धर्मपाल ठाकुर प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी और गुजरात विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर सीपी भसीन ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षा रद्द होना और पेपर लीक की घटनाएं देश के करोड़ों प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रही हैं। उनके अनुसार यह समस्या अब मानसिक महामारी का रूप ले चुकी है, जिसे तुरंत रोकना जरूरी है।

प्रदर्शन के दौरान यह भी घोषणा की गई कि 20 जुलाई को सोलन में इस मुद्दे को लेकर महाप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी संगठनों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया। इसमें मांग की गई कि सोनम वांगचुक के अनशन को जल्द न्याय मिले, केंद्र सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांगों पर गंभीरता से विचार करे और देश की परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं दोषमुक्त बनाया जाए। साथ ही पेपर लीक माफिया, भ्रष्ट अधिकारियों और इस रैकेट में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर फास्ट-ट्रैक कोर्ट के माध्यम से उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


