बद्दी: सोलन जिले के बरोटीवाला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की गई बाइक बरामद कर हरियाणा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को जिला मंडी निवासी और वर्तमान में हिमुडा कॉलोनी भटौलीकलां में रह रहे विशाल शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी मोटरसाइकिल (एचपी-28सी-2138) किराये के कमरे के बाहर से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। साथ ही मामले में मनप्रीत सिंह निवासी पिहोवा, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।

एसपी बद्दी विनोद दीवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की वारदात में शामिल रहा है या नहीं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


