Heartbreaking Story: बेटी की हत्या के बाद उसी जगह पहुंचा पिता, जहां ली आखिरी सांस, किया शांति हवन

मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के नैण गांव में हुई सिया गुलेरिया हत्याकांड ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अपनी बेटी को खोने के बाद पिता जोगिंद्र सिंह न सिर्फ न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, बल्कि उन्होंने एक भावुक धार्मिक पहल भी की है। जिस जगह उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या हुई थी, उसी घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने शुक्रवार को शांति हवन किया, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिल सके।

परिवार ने इस धार्मिक अनुष्ठान को दो चरणों में पूरा किया। शुक्रवार सुबह सबसे पहले जोगिंद्र सिंह और उनके चाचा ने घर पर शांति पाठ और हवन कराया, जिसमें परिवार के करीबी लोग शामिल हुए। इसके बाद वे उस स्थान पर पहुंचे, जहां सिया की हत्या हुई थी। वहां विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया गया। पिता ने आहुतियां देते हुए प्रार्थना की कि उस जगह की नकारात्मकता दूर हो और उनकी बेटी की आत्मा को मोक्ष प्राप्त हो सके। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण भी भावुक हो गए और कई लोगों की आंखें नम नजर आईं।

गौरतलब है कि 13 अप्रैल को कॉलेज जा रही सिया गुलेरिया की घर से करीब एक किलोमीटर दूर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे हिमाचल प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी है, लेकिन परिवार के लिए यह क्षति कभी पूरी नहीं हो सकती।

इस मौके पर सिया के पिता जोगिंद्र सिंह ने भावुक होकर कहा कि वे कानूनी रूप से न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे और दोषी को सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि एक पिता के रूप में उनका पहला कर्तव्य अपनी बेटी की आत्मा को शांति दिलाना है, इसलिए वह उसी स्थान पर प्रार्थना करने पहुंचे, जहां उसने अंतिम सांस ली थी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!