हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 23 अप्रैल को स्पेशल डिटेक्शन टीम ने ट्रक यूनियन के पास एक टैम्पो से 1,104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस ने रविकांत उर्फ बंटी, निवासी टोका नगला (जामनीवाला, पांवटा साहिब) और विकास, निवासी मरवा (सडोली, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया था।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली अहम जानकारी के आधार पर जांच का दायरा हिमाचल से बाहर उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया। इसी कड़ी में पुलिस ने सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर ढलानी गांव में एक और बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर गफ्फार (51) निवासी गांव गोवर्धनपुर ढलानी, डा. पठेड़, थाना चिलकाना के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में सोफों के पीछे छिपाकर रखे गए एक कट्टे से 7,440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में नशे की खेप मिलने के बाद पुलिस भी चौंक गई।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी गफ्फार को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब तक इस पूरे मामले में कुल 8,544 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि नशा तस्करी का नेटवर्क काफी बड़ा और संगठित है।
एसपी सिरमौर ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!