हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रामपुर क्षेत्र में एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा रामपुर से गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बारसान मोड़ के समीप ऑल्टो कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। खाई गहरी होने के कारण बचाव अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार जैकोच्छा गांव निवासी कुमदास की बताई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


