हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में कुत्ते के हमले में 10 साल का बच्चा घायल हो गया। कुत्ते ने बच्चे की पीठ पर दाहिनी तरफ काट लिया, जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

पुलिस के अनुसार, जसवीर सिंह पुत्र अजमेर सिंह, निवासी गांव टिक्कर, पोस्ट एवं तहसील राजगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे। वहां से लौटते समय उनका बेटा यशप्रीत (10) अपने दोस्त के साथ पैदल घर जा रहा था। जब वह इंदु धवन के घर के ऊपर सड़क के पास पहुंचा, तो वहां इंदु धवन का सफेद रंग का कुत्ता मौजूद था, जिसके गले में पट्टा लगा हुआ था।
शिकायत के अनुसार, कुत्ते ने पीछे से बच्चे की पीठ पर दाहिनी तरफ काट लिया। इसके बाद बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा। पिता ने जब उसकी पीठ देखी तो वहां से खून निकल रहा था। इसके बाद वह बेटे को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


