शाहपुर, 12 सितंबर। विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुर्गेला में शाहपुर जोन की तीन दिवसीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में शाहपुर जोन के 22 स्कूलों के 357 छात्र खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी और शतरंज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अलग-अलग खेलों में खिलाड़ी अपनी मेहनत और कौशल के दम पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मैदान में उतरेंगे।
उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। खेल बच्चों में अनुशासन के साथ-साथ टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। इससे खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ा है और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चंबी खेल मैदान को विकसित किया जा रहा है। इस पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुर्गेला में दो शौचालयों के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालय के लिए 3 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय समयाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, प्रधानाचार्य शमशेर भारती, प्रधानाचार्य भाग सिंह, प्रधानाचार्य पवन कुमार, प्रधानाचार्य अजय, मुख्याध्यापक पवन, बीईईओ अरविंद धीमान, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, स्थानीय पंचायत प्रधान देश राज भाटिया, प्रधान पिंटू परमार, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कुलभूषण, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, सुरेश, अनीता धीमान, संजय शर्मा, शिवानी, पूर्ण बुनकर, स्कूल स्टाफ और खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


