क्विज प्रतियोगिता में जैस्मिन ठाकुर ने चौथा, निबंध लेखन में रुद्राक्षी शर्मा ने हासिल किया दूसरा स्थान
शाहपुर, 21 नवंबर। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और अपने शिक्षण संस्थानों का नाम रोशन किया है।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) एवं एसडीएम शाहपुर द्वारा 12 नवंबर 2026 को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इसमें दोनों प्रतियोगिताओं से 10-10 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 17 नवंबर 2026 को राजकीय बीएड कॉलेज धर्मशाला में किया गया, जिसमें शाहपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्थान प्राप्त किए।
क्विज प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की जैस्मिन ठाकुर ने जिला स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंडांज के कक्षा नौवीं के छात्र अंशुल ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की कक्षा 12वीं की छात्रा रुद्राक्षी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा नंदिनी ने जिला स्तर पर छठा स्थान हासिल किया।
जिला स्तर की दोनों प्रतियोगिताओं में से दो-दो विद्यार्थियों सहित कुल चार विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संबंधित शिक्षण संस्थानों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम बताया गया। ERO-cum-SDM शाहपुर ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


