हिमाचल प्रदेश में निर्माणाधीन शाहपुर-सिहुंता-लाहड़ू स्टेट हाईवे पर गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब खोला के समीप बिना बारिश के ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंसकर चनहाल खड्ड में समा गया। इस घटना के चलते कुछ घंटों तक बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सड़क के अचानक धंसने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी। इस दौरान बसों और अन्य भारी वाहनों को गरनोटा-मोतला वैकल्पिक मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक भेजा गया। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम मौके पर पहुंची और मशीनों की मदद से सड़क को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया। आवश्यक मरम्मत के बाद मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारू कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा है। उनके अनुसार सड़क के किनारे बना पुराना डंगा, जिसका निर्माण कुछ वर्ष पहले विभाग ने करवाया था, बुधवार को ध्वस्त हो गया। सड़क चौड़ीकरण के दौरान इसके नीचे नया डंगा बनाया गया था, लेकिन वह कुछ ही समय में चनहाल खड्ड की ओर खिसक गया। नए डंगे के खिसकने से ऊपर स्थित पुराना डंगा भी सड़क के हिस्से के साथ ढह गया। लोगों का कहना है कि बिना किसी भारी बारिश के सड़क का इस तरह धंस जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों ने भविष्य में बड़े खतरे की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि खोला क्षेत्र का बरसाती पानी इसी स्थान से होकर चनहाल खड्ड में गिरता है और खड्ड भी सड़क के बिल्कुल नीचे बह रही है। यदि आने वाले दिनों में क्षेत्र में भारी बारिश हुई और समय रहते मजबूत सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो सकता है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि प्रभावित स्थल का तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

इस मामले पर लोक निर्माण विभाग सिहुंता के एसडीओ करनैल सिंह ने बताया कि खोला के समीप सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर आवश्यक मरम्मत की गई और यातायात बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग प्रभावित स्थल पर लगातार निगरानी रखे हुए है और आवश्यकता के अनुसार आगे भी सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


