Kangra: शाहपुर पूर्व सैनिक लीग की बड़ी कामयाबी! पूर्व सैनिक को दिलवाई 20% बढ़ी पेंशन और ₹85 हजार का एरियर

शाहपुर। शाहपुर पूर्व सैनिक लीग की एक महत्वपूर्ण बैठक बीते दिनों कर्नल जय सिंह, वीएसएम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों के हितों और उनकी समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस मौके पर लीग की ओर से एक पूर्व सैनिक को उसका लंबित वित्तीय लाभ दिलाने की बड़ी उपलब्धि भी साझा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए कर्नल जय सिंह ने बताया कि लीग कार्यालय के सचिव सूबेदार मेजर रत्न चंद के अथक और सराहनीय प्रयासों की बदौलत पूर्व सैनिक सिपाही प्रकाश चंद संधू निवासी सदूं को उनका बकाया हक दिलाने में सफलता मिली है। उनके प्रयासों से सिपाही प्रकाश चंद को लाइफ टाइम एरियर की सुविधा स्वीकृत की गई है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, सिपाही प्रकाश चंद को मार्च 2025 से अब तक का करीब 85 हजार रुपये का बकाया एरियर प्राप्त हो चुका है। इसके साथ ही उनकी पेंशन में भी 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है और नई बढ़ी हुई राशि उनके खाते में जमा होनी शुरू हो गई है। इस पूरे मामले को शाहपुर पूर्व सैनिक लीग ने गंभीरता से उठाया और लगातार प्रयासों के बाद पूर्व सैनिक को यह लाभ दिलाया गया।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि लीग लगातार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों के लिए कार्य कर रही है और भविष्य में भी इसी तरह सहायता जारी रखी जाएगी।

इस अवसर पर लीग के कई पदाधिकारी और पूर्व सैन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें सचिव रत्न चंद, प्रेस सचिव सुरेन्द्र पटयाल, मेजर कुलदीप बलौरिया, कैप्टन मदन लाल, कैप्टन अमर सिंह, कैप्टन लोकेश नाग, कैप्टन भगवान दास, लेफ्टिनेंट ओम प्रकाश, सूबेदार कमलजीत सिंह और सूबेदार रमेश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!