Road Development Big Update: शाहपुर में डिब्बर–मनेई सड़क को लेकर बड़ा आदेश, केवल सिंह पठानिया सख्त

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर रफ्तार तेज होती नजर आ रही है। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को डिब्बर क्षेत्र में जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने डिब्बर से मनेई तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी जरूरी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाएं, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत मौजूदा जीप योग्य सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए उन्होंने राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रक्रिया को तेज किया जाए और जल्द काम शुरू किया जाए।

केवल सिंह पठानिया ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां निजी जमीन सड़क चौड़ीकरण में आ रही है, वहां भूमि मालिक स्वेच्छा से गिफ्ट डीड सरकार के नाम करें, ताकि विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इस परियोजना के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में पूरी तैयारी के साथ पहुंचे, ताकि मौके पर ही अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान किया जा सके। इससे पहले उन्होंने ग्राम पंचायत मंझग्रां (लदवाड़ा) के वार्ड नंबर 4 में भी लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विपुल पुंज सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!