शाहपुर कॉलेज मैदान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं जिला कांगड़ा फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पहला मैच शुरू करवाया। इस अवसर पर कांगड़ा प्राइवेट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं शाहपुर मंडल अध्यक्ष रविंद्र दत्त शर्मा तथा फुटबॉल एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव सदस्य एवं भाजपा नेता जीवन कोडल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश चौहान ने कहा कि आज शाहपुर के खेल मैदानों में फुटबॉल और क्रिकेट जैसी गतिविधियों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इसी तरह खेलों को बढ़ावा मिलता रहा तो वह दिन दूर नहीं जब शाहपुर पूरी तरह नशामुक्त क्षेत्र के रूप में पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपने स्तर पर प्रयास कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर छात्र संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।

राकेश चौहान ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और इसकी स्थानीय इकाई की अध्यक्ष सुषमा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने छात्र संगठन का प्रभावी नेतृत्व किया है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करना और दो वर्षों में दो बड़े खेल टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न कराना एक प्रेरणादायक पहल है, जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान व्यक्तित्वों के नाम पर फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी परिषद भविष्य में भी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, खेल गतिविधियों और छात्र कल्याण के क्षेत्र में इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!
