नगरोटा, 14 सितंबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं में आयोजित जोनल अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह बारिश के बीच भी पूरे उत्साह के साथ हुआ। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शिरकत की। बारिश के बावजूद उन्होंने विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों के साथ नृत्य कर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों के साथ आरएस बाली का यह सहज और उत्साहपूर्ण अंदाज समारोह का खास आकर्षण रहा।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए आरएस बाली ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलकूद से शरीर के साथ मन भी स्वस्थ रहता है और बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
आरएस बाली ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में शिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, आयोजन समितियों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने जोनल अंडर-19 पुरुष खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूल स्तर पर खेलों के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
नगरोटा के स्कूलों के लिए ₹2.5 करोड़
आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹2.5 करोड़ की राशि वितरित की गई है। इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और खेल सुविधाओं के रूप में मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं के लिए ₹5 लाख, एक कबड्डी मैट और दो सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
नगरोटा महाविद्यालय में जल्द शुरू होंगी PGDCA की कक्षाएं
आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा महाविद्यालय में जल्द ही पीजीडीसीए (PGDCA) की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इससे नगरोटा विधानसभा क्षेत्र और आसपास के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में उच्च स्तर का व्यावसायिक पाठ्यक्रम अपने ही क्षेत्र में करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय में डिजिटल और कंप्यूटर शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगभूषण ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि जोनल अंडर-19 पुरुष खेलकूद प्रतियोगिता में छह अलग-अलग खेलों में 29 स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। जोनल स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के परिणामों में कबड्डी में पठियार स्कूल विजेता और नगरोटा बगवां स्कूल उपविजेता रहा। बैडमिंटन में होलीफील्ड पठियार स्कूल ने विजेता का खिताब जीता, जबकि समलोटी स्कूल उपविजेता रहा। वॉलीबॉल में नगरोटा स्कूल विजेता और जंदराह स्कूल उपविजेता रहा।
चैस में होलीफील्ड स्कूल विजेता तथा बड़ोह स्कूल उपविजेता रहा। रेसलिंग में पठियार स्कूल विजेता और धलूं स्कूल उपविजेता रहा। मार्च पास्ट में जसाई स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
मुख्य अतिथि आरएस बाली ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों से आए प्रधानाचार्यों, अध्यापकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य जगभूषण, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, शारीरिक शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, खिलाड़ी विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
आरएस बाली ने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होतीं। इनके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, संघर्ष करने की क्षमता और एक-दूसरे का सम्मान करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जोनल अंडर-19 पुरुष खेलकूद प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


