नगरोटा बगवां, 18 सितंबर। नगरोटा बगवां से अब यात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलने जा रही है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां बस स्टैंड से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें पहली इलेक्ट्रिक बस को नगरोटा बगवां से माता चिंतपूर्णी मंदिर के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से भी श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधाजनक और बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परिवहन क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल साधनों को बढ़ावा दे रही है। इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलने के साथ प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए ऐसे बस रूटों का विस्तार स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उपयोगी साबित होगा।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


