जिला मंडी के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ, जब एक ही दिन में तीन अलग-अलग सड़क और कार्यस्थल हादसों ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। इन हादसों में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने सभी घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि मामलों की जांच जारी है।
पहला हादसा पंडोह क्षेत्र में हुआ, जहां एक शादी से लौट रही कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में सुराही खड्ड गांव के अंकुश गुप्ता (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जतिन गुप्ता (34) और दो महिलाएं संती देवी (51) और सेती देवी (43) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती कराया गया है।
दूसरा हादसा गोहर क्षेत्र में हुआ, जहां एक युवक की कार दुर्घटना में मौत हो गई। पावो किलिंग निवासी जगदीश कुमार (29) विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था, तभी चैलचौक-करसोग मार्ग पर मान्ढू नाला के पास उसकी कार खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग बेहद संकरा और जोखिम भरा है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
तीसरी घटना रिवालसर-मंडी सड़क मार्ग के साफडू गांव के पास हुई, जहां सड़क निर्माण कार्य के दौरान जम्मू-कश्मीर के 19 वर्षीय मजदूर अल्ताफ की मौत हो गई। वह हाईड्रा क्रेन की बास्केट में काम कर रहा था, तभी अचानक नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हादसे के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में जांच जारी है और जहां भी लापरवाही सामने आएगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!