जिला कुल्लू में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने बरशैणी-तोष सड़क पर जै-जै धार के पास एक महिला को 2.022 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि 22 अक्टूबर को जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने हिम ट्रैक और जै-जै धार क्षेत्र में बरशैणी-तोष सड़क पर स्थित पार्किंग के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक 39 वर्षीय महिला की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला मूल रूप से नेपाल की निवासी बताई जा रही है और वर्तमान में तोष गांव में रह रही थी। पुलिस ने मौके पर चरस को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास चरस कहां से पहुंची थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इसके साथ ही पुलिस नशे की इस खेप के स्रोत, सप्लाई चेन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी है।
पुलिस जांच का मुख्य फोकस चरस की आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने पर है, ताकि नशा तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


