शाहपुर: फोरलेन निर्माण के बाद शाहपुर बाजार में बढ़ी ट्रैफिक समस्या और सर्विस लेन पर अतिक्रमण को लेकर गुरुवार को उपमंडल कार्यालय शाहपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने की। इसमें व्यापार मंडल शाहपुर के प्रतिनिधियों के साथ नगर पंचायत के पार्षद एवं कर्मचारी, एनएचएआई और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शाहपुर थाना प्रभारी एसएचओ राजेंद्र भी उपस्थित रहे।
बैठक में बाजार की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, फोरलेन की सर्विस लेन पर किए जा रहे अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे वाहनों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर ने लोगों से अपील की कि सर्विस लेन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करें और वहां वाहन खड़े करने से बचें, ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
शनिवार से शुरू होगी कार्रवाई, कटेंगे चालान
एसडीएम ने बैठक में स्पष्ट किया कि शनिवार से सर्विस लेन पर अतिक्रमण करने और गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए जाएंगे। प्रशासन ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से कार्रवाई से पहले नियमों का पालन करने और बाजार की व्यवस्था सुधारने में सहयोग की अपील की है।
NH से बाजार की सीधी कनेक्टिविटी की मांग
व्यापार मंडल शाहपुर की ओर से बाजार से जुड़ी तीन प्रमुख समस्याएं बैठक में प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने रखी गईं। व्यापार मंडल ने सबसे पहले राष्ट्रीय राजमार्ग से शाहपुर बाजार के लिए उचित सीधी कनेक्टिविटी और रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि बाजार के लिए उचित संपर्क मार्ग नहीं होने से ग्राहकों के आवागमन और कारोबार पर असर पड़ रहा है।
एसडीएम ने व्यापार मंडल की इस मांग को फोरलेन अधिकारियों के समक्ष भेज दिया है, ताकि बाजार की कनेक्टिविटी को लेकर उचित समाधान निकाला जा सके।
बारिश में दुकानों में घुसता है पानी
बैठक में दूसरी बड़ी समस्या बाजार की जल निकासी व्यवस्था को लेकर उठाई गई। व्यापार मंडल ने बताया कि बारिश के दौरान पर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी दुकानों में घुस जाता है। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापार मंडल ने जल निकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की, ताकि बारिश के दौरान दुकानदारों को परेशानी न हो।
अतिक्रमण पर प्रशासन को सहयोग, व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखने की मांग
अतिक्रमण के मुद्दे पर व्यापार मंडल ने प्रशासन को नियमों और कानून के तहत पूरा सहयोग देने की बात कही। हालांकि, व्यापारियों ने यह भी आग्रह किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उनके रोजगार और कारोबार के हितों का ध्यान रखा जाए, ताकि कार्रवाई से व्यापार पर प्रतिकूल असर न पड़े।
स्ट्रीट लाइटों को लेकर व्यापारियों को राहत
बैठक में व्यापारियों के लिए राहत की खबर भी सामने आई। व्यापार मंडल की ओर से पहले एनएच विभाग से शाहपुर बाजार की स्ट्रीट लाइटें चालू करने की मांग की गई थी। व्यापार मंडल के अनुसार एनएच विभाग ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है और बाजार की स्ट्रीट लाइटें चालू कर दी गई हैं। इससे शाम और रात के समय बाजार में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील वर्मा, उपाध्यक्ष अंकज जमवाल, कोषाध्यक्ष मेघराज शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद नितिन कौशल, एसएचओ शाहपुर राजेंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने कहा कि वह व्यापारियों के अधिकारों और हितों के साथ-साथ शाहपुर बाजार की बेहतरी के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार सहयोग करता रहेगा।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



