शाहपुर, 23 सितंबर। चंबा प्रवास से लौटते हुए शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को सिविल हॉस्पिटल शाहपुर के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को काम में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
पठानिया ने कहा कि नए भवन का निर्माण जल्द पूरा होने से इसे शुरू किया जा सकेगा और क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे चार मंजिला अस्पताल भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
इसके बाद पठानिया ने निर्माणाधीन पशु पॉलीक्लीनिक भवन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग विकास सूद, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अमित डोगरा, कांग्रेस जिला महासचिव अजय बबली, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, अस्पताल स्टाफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


