Big Protest on Highway: फैक्ट्री हादसे में मजदूर की मौत के बाद भड़का गुस्सा, हाईवे जाम और कंपनी पर केस दर्ज

कालाअम्ब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे शनिवार को उस समय प्रभावित हो गया, जब शंभूवाला स्थित एक निजी कंपनी में मजदूर की मौत के बाद कामगारों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह से ही कंपनी गेट के बाहर मजदूर, मृतक के परिजन और स्थानीय लोग अपनी मांगों को लेकर जमा हो गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने भी मजदूरों का साथ देते हुए घटना को गंभीरता से लेने और कार्रवाई की मांग उठाई।

जब बातचीत से कोई हल नहीं निकला तो दोपहर बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर बैठकर विरोध जताया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद हाईवे को खाली करवाया गया और यातायात सामान्य हो सका।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लिफ्ट में पहले से तकनीकी खराबी के संकेत मिल रहे थे, लेकिन इसे नजरअंदाज किया गया। मजदूरों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का भी आरोप लगाया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतक के परिजनों ने प्रशासन से न्याय और उचित मुआवजे की मांग की है। हालांकि, कंपनी प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन मुआवजे को लेकर क्या सहमति बनी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल की शाम शंभूवाला स्थित सनवेट हेल्थ केयर कंपनी में यह हादसा हुआ। शिकायतकर्ता हरिश पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गांव सतीवाला, जो उसी कंपनी में काम करता है, ने बताया कि लिफ्ट से लगातार टक-टक की आवाज आ रही थी। इस बारे में सुपरवाइजर प्रमोद को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि काम के दौरान लिफ्ट में पीवीसी के करीब 150 बंडल लोड कर दिए गए, जिससे अधिक भार के कारण लिफ्ट का लोहे का तार अचानक टूट गया।

उस समय मजदूर टीका राम लिफ्ट के बाहर पीवीसी का सामान संभाल रहा था। तार टूटते ही सारा भारी सामान सीधे उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि इस मामले में पुलिस थाना सदर नाहन में बीएनएस की धारा 125 और 106(1) के तहत कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!