हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से आम जनता की सुविधा के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम अब जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा शुरू की गई ‘प्रथम दर्शन योजना’ न केवल धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार दे रही है, बल्कि लंबे समय से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे एचआरटीसी की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को एचआरटीसी की सीधी बस सेवाओं से जोड़ना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ मिल सके। नई बस सेवाओं के शुरू होने से श्रद्धालुओं की धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान हुई है और इसके साथ ही निगम के राजस्व में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

इसी कड़ी में एचआरटीसी के करसोग डिपो ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता शिकारी मंदिर को भी सीधी बस सेवा से जोड़ दिया है। इससे करसोग क्षेत्र सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए माता के दर्शन करना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। यह विशेष बस सेवा प्रतिदिन सुबह करीब 9:30 बजे करसोग बस स्टैंड से रवाना होती है और श्रद्धालु दर्शन करने के बाद दोपहर में इसी बस से सुरक्षित वापस लौट सकते हैं।

एचआरटीसी के अनुसार शिकारी माता रूट पर शुरू की गई इस बस सेवा से निगम के राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। करसोग डिपो का दावा है कि इस रूट पर बस संचालन से प्रति किलोमीटर लगभग 100 रुपये की अतिरिक्त आय दर्ज की गई है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि यह एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
राज्य सरकार की हिम बस पास योजना का लाभ भी बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं। वर्तमान में एचआरटीसी द्वारा विद्यार्थियों, महिलाओं, दिव्यांगजन सहित 22 अलग-अलग श्रेणियों के पात्र यात्रियों को निःशुल्क और रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। करसोग क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के अनुसार अब तक कुल 9,166 हिम बस पास जारी किए जा चुके हैं। इनमें 6,350 महिला यात्री, 1,581 सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी और 969 दिव्यांगजन शामिल हैं।

एचआरटीसी करसोग के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) एन.के. चांदला ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम बेहतर और आरामदायक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रथम दर्शन योजना और हिम बस पास जैसी पहल का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती यात्रा सुविधा प्रदान करना है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


