एचआरटीसी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में जल्द नई डीजल और इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने जा रही हैं। नई इलेक्ट्रिक बसों का ऐसा प्रोटोटाइप तैयार किया जाएगा, जिसकी बैटरी एक बार चार्ज होने पर 350 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर सकेगी। इससे लंबी दूरी के रूटों पर भी ई-बसों को चलाने का रास्ता आसान होगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को एचआरटीसी निदेशक मंडल की 164वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए 250 नई डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन के भीतर वाहन खरीद समिति की बैठक बुलाने को कहा, ताकि बसों की खरीद में और देरी न हो।
366 बसें होंगी ऑफरोड, चरणबद्ध तरीके से हटेंगी पुरानी बसें
बैठक में एचआरटीसी की 366 बसों को ऑफरोड करने का निर्णय लिया गया। इनमें जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के तहत चल रही 12 मीटर लंबी बसें भी शामिल हैं। पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से बेड़े से हटाकर उनकी जगह नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। उपमुख्यमंत्री ने तकनीकी समिति को नई इलेक्ट्रिक बसों के प्रोटोटाइप को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।
MD की मंजूरी के बिना बंद नहीं होगा कोई बस रूट
एचआरटीसी का कोई भी बस रूट अब प्रबंध निदेशक की मंजूरी के बिना बंद नहीं किया जा सकेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक अपने स्तर पर किसी रूट को बंद नहीं कर सकेंगे। इससे ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में बस सेवाएं बंद होने से जुड़ी शिकायतों पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है। बैठक में एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप सिंह, निदेशक मंडल के सदस्य और निगम व संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कांगड़ा में बनेगा नया इलेक्ट्रिक बस डिपो
एचआरटीसी निदेशक मंडल की बैठक में कांगड़ा में नए इलेक्ट्रिक बस डिपो को मंजूरी दी गई। इससे पहले नादौन, हरोली, ठियोग और नाहन में ई-डिपो को मंजूरी मिल चुकी है। हरोली ई-डिपो का संचालन भी शुरू हो गया है। कांगड़ा में नया डिपो बनने से ई-बसों का संचालन बढ़ाने के साथ चार्जिंग व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।
ऊना के पुराने बस स्टैंड की जगह बनेगा सिटी सेंटर
बैठक में ऊना के पुराने बस स्टैंड की जगह सिटी सेंटर विकसित करने का फैसला भी लिया गया। अधिकारियों को इसकी ड्रॉइंग और अन्य जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बिलासपुर के मंडी-भराड़ी में निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का काम 15 फरवरी तक पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


