हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक बस यात्री को 60.40 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पंजाब का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा के पास नाका लगाया हुआ था और वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बस को चैकिंग के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक के पास से 60.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 गैस लाइटर और स्मोकिंग पेपर भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पारस (26) निवासी पृथ्वीनगर, जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है। नशे की खेप बरामद होने के बाद पुलिस ने चिट्टे को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी पारस के खिलाफ सदर पुलिस थाना बिलासपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
पुलिस अब चिट्टे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। जांच के दौरान आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसकी आगे किसे सप्लाई की जानी थी। पुलिस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


