हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला में फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है। छात्र संगठनों के लगातार विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने फीस में 10 फीसदी तक कटौती करने का फैसला लिया है। नई शुल्क दरों को लेकर शुक्रवार को अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
विश्वविद्यालय ने सामान्य फीस में 10 फीसदी कटौती के साथ तीन अन्य शुल्कों में भी बदलाव किया है। स्नातक पुनर्मूल्यांकन शुल्क को 1,000 रुपये से घटाकर 500 रुपये कर दिया गया है। वहीं, स्नातकोत्तर पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1,200 रुपये से घटाकर 600 रुपये और सुधार शुल्क 1,200 रुपये से घटाकर 800 रुपये कर दिया गया है।
हॉस्टल फीस में 25 फीसदी बढ़ोतरी भी पूरी तरह वापस ली जाएगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रावासों में पहले लागू शुल्क संरचना ही आगे प्रभावी रहेगी। समिति ने संशोधित शुल्क को लेकर एक अहम सिफारिश भी की है। नई फीस केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों पर लागू होगी, जबकि पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों को संशोधित फीस के दायरे से बाहर रखा गया है।
वित्तीय स्थिति का मुद्दा भी समिति की रिपोर्ट में शामिल किया गया है। समिति ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता में हुई कटौती का मामला सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उठाने की सिफारिश की है।
सीएम के निर्देशों के बाद फीस कटौती का फैसला
विश्वविद्यालय में गठित उच्चस्तरीय समिति ने शुल्कों से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने के बाद मसौदा तैयार किया। कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने इस मसौदे को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद फीस में आवश्यक कटौती का निर्णय लिया गया।
28 मार्च को कार्यकारिणी परिषद (ईसी) की बैठक में फीस बढ़ोतरी का फैसला लिए जाने के बाद से ही छात्र संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। एबीवीपी और एसएफआई ने बढ़ी हुई फीस के खिलाफ विश्वविद्यालय परिसर में लगातार विरोध जताया था। अब प्रशासन के फीस कम करने के फैसले को छात्रों के आंदोलन की बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
कितनी कम होगी फीस?
बीए की फीस पहले 5,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये की गई थी। अब 10 फीसदी कटौती के बाद यह करीब 4,950 रुपये रह जाएगी। बीसीए की फीस 33,000 रुपये से घटकर 29,700 रुपये होगी। परीक्षा शुल्क 1,600 रुपये से घटकर 1,440 रुपये रह जाएगा।
वहीं, एचपीयू यूआईटी में बीटेक की फीस में 10 फीसदी कटौती के बाद यह 90,939 रुपये से घटकर 81,845 रुपये हो जाएगी।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


