हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (HPUJ) को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। सोमवार को आईईसी यूनिवर्सिटी में आयोजित चुनाव में डॉ. बलबीर ठाकुर को सर्वसम्मति से संगठन का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रदेश अध्यक्ष बीरबल शर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने आज के दौर में मीडिया की भूमिका और उसके सामने आ रही चुनौतियों पर विचार रखे। वहीं, एनयूजे इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मलिक ने मीडिया की बदलती भूमिका पर प्रकाश डाला।

एचपीयूजे के प्रदेश अध्यक्ष बीरबल शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने आगामी प्रदेश अध्यक्ष के लिए डॉ. बलबीर ठाकुर के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रदेश महासचिव सुरेंद्र शर्मा ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और सदन से स्वीकृति ली। चुनाव के ऑब्जर्वर एवं प्रभारी एनयूजेआई के राष्ट्रीय सचिव अदिप सोनी ने चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाते हुए डॉ. बलबीर ठाकुर को नए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
कार्यक्रम के समापन पर नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बलबीर ठाकुर ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी को साथ लेकर पूरे प्रदेश में इसका विस्तार किया जाएगा। इस मौके पर चंडीगढ़ जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रधान दीपक वशिष्ठ, पंजाब के मुल्लापुर प्रेस क्लब के प्रधान चरणजीत चन्नी और द बद्दी प्रेस क्लब के प्रधान संजीव बस्सी ने भी मौजूदा समय में मीडिया की भूमिका और चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
उद्यमियों को किया सम्मानित
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर राज्य संगठन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले उद्यमियों और प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के चेयरमैन सतीश सिंघल और हिमाचल प्रदेश बॉक्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष हेमराज चौधरी को वरिष्ठ उद्यमी अवार्ड से नवाजा गया।

इसके अलावा चैंबर ऑफ कॉमर्स के राज्य सलाहकार देव व्रत यादव, बरोटीवाला के युवा उद्यमी रवि दत्त शर्मा और पंचायत प्रधान एसोसिएशन पट्टा ब्लॉक के प्रधान कपिल ठाकुर को भी संगठन की ओर से सम्मानित किया गया।
फार्मा और गत्ता उद्योगों की समस्याएं भी उठीं
कार्यक्रम के दौरान हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के चेयरमैन सतीश सिंघल ने एशिया के सबसे बड़े फार्मा हब हिमाचल प्रदेश में दवा उद्योगों से जुड़ी समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में दवाइयों के फेल होने वाले सैंपलों का अनुपात देश में सबसे कम है और गुणवत्ता के मामले में भी प्रदेश पूरे देश में नंबर वन है। इसके बावजूद दवाइयों के सैंपल फेल होने के मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता है, जो उनके अनुसार महज अफवाह है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश बॉक्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष हेमराज चौधरी ने गत्ता उद्योगों की समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि गत्ता उद्योग भले ही संकट के दौर से गुजर रहा है, लेकिन मीडिया ने हमेशा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


