Home हिमाचल काँगडा हिमाचल की दो जेलों में हिंसक झड़प से मचा हड़कंप, धर्मशाला में...

हिमाचल की दो जेलों में हिंसक झड़प से मचा हड़कंप, धर्मशाला में 11 वार्डर और 4 कैदी घायल; नाहन में भी भिड़े कैदियों के गुट, पढ़ें पूरी खबर

0
3

हिमाचल प्रदेश की दो जेलों में लगातार दो दिनों में हिंसक झड़प की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना 15 अगस्त की शाम सिरमौर जिले की नाहन मॉडल सेंट्रल जेल में हुई, जहां विचाराधीन कैदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दूसरी घटना 16 अगस्त को कांगड़ा की धर्मशाला जेल में हुई। यहां मेडिकल चेकअप के दौरान एक कैदी और जेल वार्डरों के बीच विवाद के बाद मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया। धर्मशाला जेल की घटना में 11 वार्डर और 4 कैदी घायल हुए, जबकि नाहन जेल में भी कई विचाराधीन कैदी चोटिल हुए हैं।

टूटे कांच से वार्डर पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, धर्मशाला जेल में फार्मासिस्ट कैदियों का मेडिकल चेकअप कर रहा था। इसी दौरान एक विचाराधीन कैदी अपनी बारी को लेकर नाराज हो गया और उसकी जेल वार्डर के साथ बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।

इसी दौरान एक कैदी ने जेल की खिड़की का कांच तोड़ दिया। कांच लगने से कैदी भी घायल हो गया। इसके बाद उसने टूटे हुए कांच से एक जेल वार्डर के पेट पर हमला कर दिया। इस हमले में वार्डर को गंभीर चोटें आईं।

11 वार्डर और 4 कैदी घायल

धर्मशाला जेल में हुई झड़प में कुल 11 जेल वार्डर और 4 विचाराधीन कैदी घायल हुए। इनमें दो वार्डरों और एक कैदी को गंभीर चोटें आने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जोनल अस्पताल धर्मशाला में किया गया।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार, उपचार के बाद घायलों को रविवार शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। झड़प की सूचना मिलते ही धर्मशाला थाना पुलिस और जिला कांगड़ा की क्यूआरटी मौके पर पहुंची। एसपी कुलभूषण वर्मा ने भी जेल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। सदर थाना धर्मशाला में प्रिजनर एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस झड़प के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जेल प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

नाहन जेल में भी भिड़े कैदियों के दो गुट

उधर, सिरमौर जिले की मॉडल सेंट्रल जेल नाहन में 15 अगस्त की शाम विचाराधीन कैदियों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना जेल के ब्लॉक-ए में हुई, जिसमें कई कैदियों को चोटें आईं।

घटना के बाद जेल प्रशासन ने पुलिस को शिकायत दी। इसके आधार पर सदर थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। जेल उप अधीक्षक सीता राम की शिकायत के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।

ड्यूटी पर मौजूद वार्डरों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन कैदियों की संख्या अधिक होने के कारण तत्काल स्थिति काबू में नहीं आ सकी। इसके बाद अतिरिक्त वार्डर, हेड वार्डर और जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच

सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना नाहन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

फिलहाल धर्मशाला और नाहन जेल में हुई इन दोनों झड़पों को लेकर पुलिस और जेल प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है। दोनों मामलों में झड़प के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!