एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम को गोल्ड मेडल दिलाने वाली हिमाचल की खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़ा ऐलान किया है। पहले घोषित 33.33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि को बढ़ाकर पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को अब एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित करने की बात भी कही गई है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को शिमला सचिवालय में खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद यह घोषणा की।
मुलाकात के दौरान भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित हिमाचल की खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के सामने पहले घोषित 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि को बढ़ाकर एक-एक करोड़ रुपये करने की मांग रखी। खिलाड़ियों ने सरकारी नौकरी की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए पुरस्कार राशि बढ़ाने और सरकारी सेवा में समायोजित करने का आश्वासन दिया।
33 लाख की घोषणा से नाखुश थीं खिलाड़ी
दरअसल, जापान में आयोजित 20वें एशियाड खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार ने सितंबर में पुरस्कार राशि की घोषणा की थी। इसमें भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33.33-33.33 लाख रुपये देने की घोषणा की गई थी। कबड्डी खिलाड़ियों ने इस राशि को लेकर अधिक पुरस्कार की मांग उठाई थी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अब पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित करेगी। साथ ही तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग में नौकरी नहीं चाहने वाली खिलाड़ियों को खेल विभाग में नियुक्ति देने की बात कही गई है। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये देने का ऐलान
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर के लिए भी एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की बेटियां इसी तरह आगे बढ़ती रहें और नए मुकाम हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करती रहें।
पुष्पा राणा ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने कहा कि उन्होंने सोमवार को शिमला सचिवालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुरस्कार राशि और नौकरी को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने और सरकारी नौकरी देने पर सहमति जताई है।
खेलों में आगे बढ़ने के युवाओं के पास कई मौके
कबड्डी खिलाड़ियों ने कहा कि कबड्डी ऐसा खेल है, जिसमें आर्थिक कठिनाइयों के कारण युवाओं को अपनी मेहनत और खेल छोड़ने की जरूरत नहीं है। यदि कोई बच्चा स्कूल स्तर से कबड्डी खेलना शुरू करता है तो उसके आगे बढ़ने के कई अवसर हैं। स्कूलों में पीटी, डीपीई और डीपी जैसे प्रशिक्षक खिलाड़ियों को अभ्यास करवाते हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद करते हैं। स्कूल स्तर के बाद भी खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने के कई मौके मौजूद हैं।
युवा स्पोर्ट्स हॉस्टल और अकादमियों में शामिल होकर बेहतर प्रशिक्षण हासिल कर सकते हैं और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जा सकते हैं। खेल के क्षेत्र में मेहनत करने वाले युवाओं के लिए आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रचलन को रोकने में युवाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासन में रहने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का अवसर देता है।
सावन बरवाल और उड़नपरी सीमा के लिए भी बड़ा ऐलान
एशियन गेम्स में हिमाचल के अन्य पदक विजेताओं के लिए भी सरकार ने पुरस्कार राशि की घोषणा की है। मैराथन में सिल्वर मेडल जीतने वाले मंडी के सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये और 10,000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली चंबा की सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


