डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जूनियर छात्र से रैगिंग के मामले में कॉलेज प्रबंधन ने कड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद द्वितीय वर्ष के नौ एमबीबीएस प्रशिक्षुओं को दो सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। इनमें तीन छात्रों पर 50-50 हजार रुपये और छह छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
दिल्ली निवासी एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने सीनियर विद्यार्थियों के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, उसे और अन्य जूनियर छात्रों को भोटा चौक स्थित एक सीनियर के पीजी कमरे में बुलाया गया था। वहां उन्हें सीनियर से नजरें झुकाकर बात करने और मिलने पर डॉक्टर साहब कहकर नमस्ते करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा, जूनियर छात्रों को अपना परिचय देने के लिए एक निर्धारित प्रारूप भी दिया गया था।
जांच में आठ जूनियर छात्रों के बयान दर्ज
मामले की जांच के दौरान शिकायतकर्ता समेत आठ जूनियर विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए गए। जूनियर छात्रों ने अपने बयानों में सीनियर विद्यार्थियों के गलत व्यवहार की पुष्टि की। हालांकि, सीनियर छात्रों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकार दिया।
शिकायत में मारपीट या किसी तरह के शारीरिक उत्पीड़न का आरोप नहीं था। इसके बावजूद जूनियर छात्रों पर इस तरह के निर्देश थोपने को रैगिंग की श्रेणी में माना गया। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद कॉलेज प्रबंधन ने नौ छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया।
तीन छात्रों पर 50-50 हजार और छह पर 25-25 हजार जुर्माना
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, 50-50 हजार रुपये का जुर्माना उस छात्र पर लगाया गया है, जो पीजी में रहता था, और उन दो छात्रों पर लगाया गया है, जो जूनियर विद्यार्थियों को वहां लेकर गए थे। वहीं, 25-25 हजार रुपये का जुर्माना उन छह छात्रों पर लगाया गया है, जो जूनियर विद्यार्थियों के पीजी पहुंचने के समय वहां मौजूद थे।
प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि रैगिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई कर अन्य विद्यार्थियों को भी स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया गया है। सभी छात्रों को एंटी रैगिंग नियमों के प्रति जागरूक किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से सजग रहने और न तो रैगिंग सहने और न ही ऐसा करने का प्रयास करने की अपील की।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


