धर्मशाला, 2 अक्तूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर धर्मशाला में गुरुवार को कचहरी अड्डा से गांधी वाटिका तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें शहर के नागरिकों के साथ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवियों, साई के खिलाड़ियों, पुलिस कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने शांति, अहिंसा, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
प्रभात फेरी के बाद गांधी वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार सहित उपस्थित गणमान्य लोगों ने दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित विभिन्न भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों से गांधी वाटिका का माहौल शांति, आध्यात्मिकता और देशभक्ति की भावना से भर गया।
इस दौरान गांधी वाटिका में सर्वधर्म सभा का भी आयोजन किया गया। इसमें सेंट जोंस चर्च, जामा मस्जिद, गुरुद्वारा सिंह सभा और सनातन धर्म सभा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने महात्मा गांधी के सर्वधर्म समभाव, शांति, सद्भाव और मानवता के संदेश को याद किया।
अपने संबोधन में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में समाज में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत करने के लिए गांधी जी के विचारों और जीवन मूल्यों को अपनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान राष्ट्रनायकों की जयंती केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके आदर्शों, सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना को दैनिक जीवन और आचरण का हिस्सा बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विनय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन दर्शन का आधार बनाकर पूरी दुनिया को शांति और मानवता का मार्ग दिखाया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों महान विभूतियों का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर एसडीएम मोहित रतन, एएसपी संजीव चौहान, जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर, डीएलओ अमित गुलेरी, सनातन धर्म सभा धर्मशाला के डॉ. अंजन कालिया, जामा मस्जिद धर्मशाला से मोहम्मद कामिल, गुरुद्वारा सिंह सभा धर्मशाला से डॉ. हरपाल सिंह तथा सेंट जॉन चर्च से कीर्ति नाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


