कांगड़ा के गगल में शराब ठेके से हुई नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना गगल की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 35,000 रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को 8 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 अगस्त 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को गगल चौक स्थित शराब के ठेके से 74,820 रुपये नकद चोरी हो गए थे। मामले में थाना गगल में FIR संख्या 64/2026 दर्ज की गई थी। इसमें BNS की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

चोरी की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान की। पुलिस के मुताबिक वाहन का नंबर JK11H-7366 सामने आया, जिसके आधार पर आरोपियों कवीर मोहम्मद और रियाज अहमद की पहचान हुई। दोनों आरोपी जिला राजौरी, जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं।

दोनों आरोपियों को जिला राजौरी के थाना मण्डी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद गगल पुलिस की टीम ने 7 अगस्त 2026 को दोनों को गगल शराब ठेके में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से 35,000 रुपये की चोरी की राशि बरामद की गई।

8 अगस्त को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को 10 अगस्त 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब शेष चोरी की रकम बरामद करने के प्रयास में जुटी है। इसके साथ ही आरोपियों की अन्य चोरी की वारदातों में संभावित संलिप्तता को लेकर भी गहन जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


