नई दिल्ली। मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ हुए कथित पुलिस व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए दिलजीत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और छात्रों के साथ किए गए व्यवहार पर सवाल उठाए।


दिलजीत दोसांझ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बीते दिन कॉकरोच जनता पार्टी और उसके प्रदर्शनकारियों के साथ जो कुछ हुआ, वह बेहद गलत था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, जो उचित नहीं था। दिलजीत ने विशेष रूप से छात्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।

अपनी पोस्ट में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपील की कि प्रदर्शनकारियों और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाए। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों की आवाज को महत्व दिया जाना चाहिए और उनकी बातों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाना चाहिए।

दिलजीत दोसांझ ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, “लोगों की आवाज़, रब की आवाज़ होती है।” उन्होंने कहा कि जनता की बात को सम्मानपूर्वक सुनना चाहिए और उनकी चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि हाल ही में संसद मार्च के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर देशभर में चर्चा रही। इसी बीच दिलजीत दोसांझ की यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच बहस का विषय बनी हुई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


