धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में पनीर की कीमतों को लेकर ग्राहकों की परेशानी बढ़ गई है। विभाग की ओर से पनीर का रेट 330 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है, लेकिन बाजार में ग्राहकों से 440 रुपये प्रति किलो तक वसूले जा रहे हैं। कचहरी क्षेत्र में ही अलग-अलग दुकानों पर पनीर की कीमत में 40 रुपये तक का अंतर सामने आया है। ऐसे में ग्राहकों के सामने सवाल है कि आखिर पनीर का सही बाजार भाव क्या है।
एनालॉग पनीर पर पाबंदी के बाद बढ़ी मांग
हाल ही में हिमाचल में एनालॉग पनीर पर पाबंदी लगाए जाने के बाद शुद्ध दुग्ध पनीर की मांग बढ़ गई है। इसी बीच बाजार में इसके दाम भी तेजी से बढ़े हैं। दाड़ी में जहां दुग्ध पनीर पहले 320 रुपये किलो मिल रहा था, वहीं अब इसकी कीमत 360 रुपये तक पहुंच गई है। कचहरी क्षेत्र में पनीर के दाम 380 रुपये से बढ़कर 400 रुपये हो गए हैं, जबकि कुछ दुकानों पर यही पनीर 440 रुपये किलो तक बिक रहा है।
एक ही शहर में अलग-अलग दाम, ग्राहक परेशान
पनीर की कीमतों में इस तरह का अंतर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा रहा है। आम ग्राहक को एक ही शहर में अलग-अलग दुकानों पर पनीर के लिए अलग-अलग कीमत चुकानी पड़ रही है। महंगाई के बीच पनीर के दाम बढ़ने का सीधा असर लोगों के घरेलू बजट पर भी पड़ रहा है।
मांग बढ़ने से कीमत बढ़ने का कारोबारियों का दावा
कारोबारियों का कहना है कि एनालॉग पनीर पर पाबंदी के बाद कंपनियों की ओर से अब केवल दुग्ध पनीर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। मांग बढ़ने के कारण इसकी कीमत में उछाल आया है। कारोबारी प्रमोद सिंह के अनुसार बाजार में उपलब्धता और बढ़ी मांग के चलते दुग्ध पनीर के दाम बढ़े हैं।
उपभोक्ता हरबंस का कहना है कि पाबंदी के बाद दुग्ध पनीर की कीमत अचानक बढ़ गई है और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। गृहिणी रीना वर्मा ने कहा कि पहले ही रसोई का बजट हर महीने प्रभावित हो रहा है और अब पनीर के दाम बढ़ने से घर का खर्च संभालना और मुश्किल हो गया है। ग्राहक पंकू कुमार ने कहा कि धर्मशाला में अन्य क्षेत्रों की तुलना में सामान के दाम अक्सर अधिक रहते हैं। लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है।
मनमाने दाम वसूले तो होगी कार्रवाई
जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कांगड़ा पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि विभाग की ओर से पनीर का रेट 330 रुपये प्रति किलो तय किया गया है। यदि धर्मशाला में नियमों के खिलाफ जाकर ग्राहकों से अधिक कीमत वसूली जा रही है तो विभाग की ओर से तुरंत निरीक्षण किया जाएगा और नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अब विभाग के निरीक्षण के बाद ही साफ होगा कि धर्मशाला के बाजार में पनीर की कीमतें निर्धारित दर के अनुरूप आती हैं या नहीं। फिलहाल अलग-अलग दुकानों पर अलग-अलग दाम वसूले जाने से उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


