उपमंडल देहरा में एक होटल कारोबारी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए हैं। शातिरों ने नलसुहा निवासी रविकांत शर्मा का मोबाइल हैक कर उनके खाते से करीब 7 लाख रुपये निकाल लिए। रविकांत शर्मा ने बुधवार को देहरा थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित का आरोप है कि संबंधित बैंक की लापरवाही के चलते उन्हें यह बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार 20 जनवरी को रविकांत शर्मा के मोबाइल फोन पर एक संदिग्ध लिंक आया, जिसे उन्होंने खोल लिया। लिंक ओपन करते ही उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने देहरा स्थित साइबर सेल को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट ठीक कर दिया गया।
रविकांत शर्मा के मुताबिक, जब 20 जनवरी को उनका फोन हैक हुआ, उस समय उन्होंने अपने सभी बैंक खातों को तुरंत बंद करवाने का अनुरोध किया था। उन्होंने बताया कि अधिकांश बैंकों ने उनके खाते अस्थायी रूप से बंद कर दिए, लेकिन एक निजी बैंक ने उनका खाता बंद नहीं किया। इसी बैंक में उनकी एक एफडीआर थी, जिसकी राशि करीब 7 लाख रुपये हो चुकी थी।
3 फरवरी को जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की तो खाता पूरी तरह खाली पाया गया। इसके बाद उन्हें पता चला कि वे ऑनलाइन ठगी का शिकार हो चुके हैं। रविकांत का कहना है कि यदि समय रहते बैंक ने खाता होल्ड कर दिया होता तो इस नुकसान से बचा जा सकता था।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि 20 जनवरी को संबंधित व्यक्ति का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हुआ था, जिसे साइबर सेल की मदद से ठीक कर दिया गया था। संभावना है कि हैकर ने यूजर आईडी और पासवर्ड बदल दिए हों, जिसके कारण यह ठगी हुई। पुलिस को शिकायत मिल चुकी है, खाते को होल्ड कर दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!