शाहपुर, 11 अक्टूबर 2026। हिमाचल प्रदेश को चिट्टे के नशे से मुक्त बनाने के लिए सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि चिट्टे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए हर नागरिक, अभिभावक, शिक्षक और सामाजिक संगठन को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। वह रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में चिट्टे के दुष्प्रभावों, उसकी रोकथाम और नशे के खिलाफ सामाजिक सहभागिता की जरूरत पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेशभर में चिट्टे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की संपत्तियां जब्त करने जैसी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस गंभीर समस्या को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त पाए गए पुलिस और अन्य विभागों के सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, प्रदेश सरकार ने चिट्टे से संबंधित सूचना देने वालों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है।
पठानिया ने कहा कि चिट्टे की कुरीति को समाप्त करने के लिए लोगों को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को इस खतरनाक लत से दूर रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को हिमाचल प्रदेश को चिट्टामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कैबिनेट की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अपने बचपन के सहपाठी प्रोफेसर अखिलेश शर्मा को सम्मानित भी किया।
चिट्टा बेहद खतरनाक नशा, बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें अभिभावक
कार्यक्रम में बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने चिट्टे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि यह बेहद खतरनाक नशा है, जिससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इसके सेवन से व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके सामाजिक जीवन पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।
डॉ. कविता ठाकुर ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे या युवा की गतिविधियों में कोई संदिग्ध बदलाव दिखाई दे, तो समय रहते उचित कदम उठाना जरूरी है। जागरूकता और सही समय पर मिलने वाला सहयोग युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचा सकता है।
बजरंग बली हॉकी क्लब ने किया मुख्य अतिथि का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बजरंग बली हॉकी क्लब लदवाड़ा के सदस्यों हर्ष, सन्नी, विवेक, अभिषेक, कपिल, आदित्य और अनुज ने मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत, रजोल, दुर्गेला और नेरटी के एनएसएस स्वयंसेवियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, सीएमओ कांगड़ा पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती, उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय समयाल, डीपीओ अशोक शर्मा, प्रधानाचार्य शमशेर भारती, प्रधानाचार्य भाग सिंह, डॉ. आर.के. सूद, सीडीपीओ रैत निर्मला देवी, पूर्व प्रधानाचार्य सतपाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय और शेर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


