चंबा जिले की पांगी घाटी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। खाद्य आपूर्ति निगम का गेहूं लेकर किलाड़ जा रहा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि ट्रक गहरी खाई में गिरने से बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक (HP73A-1255) चंबा से पांगी स्थित खाद्य आपूर्ति निगम के गोदाम की ओर जा रहा था। गोदाम से करीब 700 से 800 मीटर पहले प्रघवाल मोड़ के पास सामने से आ रही एचआरटीसी बस को रास्ता देने के लिए चालक ट्रक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान सड़क का डंगा अचानक धंस गया और ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे वाली सड़क पर जा गिरा।

हादसे के दौरान सबसे बड़ी राहत यह रही कि नीचे लगी क्रैश बैरियर ने ट्रक को आगे खाई में गिरने से रोक दिया। यदि बैरियर नहीं होता तो हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था। दुर्घटना में चालक और परिचालक घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। वहीं, आवासीय आयुक्त अमनदीप सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


