चंबा: पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के दौरान चुराह उपमंडल के एक व्यक्ति की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मेडिकल कॉलेज से सर्किट हाउस तक रोष रैली निकाली और धरने पर बैठ गए। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष मिंजर मेले में भाग लेने के लिए चंबा में मौजूद थे।

मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष लतीफ मोहम्मद के अनुसार, चुराह क्षेत्र का एक व्यक्ति ढांक (पहाड़ी) से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे शनिवार शाम करीब 5 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद घायल को समय पर उचित उपचार नहीं मिला, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर सर्किट हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की मांग की। देर रात तक धरना जारी रहा। रात करीब 11:15 बजे एसडीएम चिराग शर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

वहीं, परिजनों के आरोपों पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि घायल को आपातकालीन कक्ष में लाया गया था, जहां हड्डी रोग और सर्जरी विशेषज्ञों ने उसकी जांच की। उन्होंने बताया कि मरीज की हालत अत्यंत गंभीर थी और उसे रेफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि एक विशेषज्ञ चिकित्सक ट्रैफिक जाम में फंस गई थीं, लेकिन उन्होंने वाहन छोड़कर पैदल अस्पताल पहुंचकर अपनी ड्यूटी निभाई। प्राचार्य ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


