Chamba: चंबा में जंगल की आग पहुंची घरों तक, चामुंडा मंदिर के पास मची अफरा-तफरी; समय रहते टला बड़ा हादसा

पिछले कई दिनों से चंबा जिले के जंगलों में धधक रही आग अब रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगी है। ताजा मामला चंबा शहर के समीप स्थित चामुंडा मंदिर क्षेत्र का है, जहां जंगल में लगी आग तेजी से फैलते हुए घरों के नजदीक पहुंच गई। आग की लपटें रिहायशी क्षेत्र के करीब पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए अग्निशमन विभाग को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड कुछ मिनट और देर से पहुंचती, तो कई मकान आग की चपेट में आ सकते थे और बड़ा नुकसान हो सकता था।

Advertisement

जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में पिछले चार से पांच दिनों से लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वन विभाग की टीमें सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच रही हैं, लेकिन आग का फैलाव इतना अधिक होता है कि उस पर तुरंत नियंत्रण पाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। जब तक आग बुझाई जाती है, तब तक हजारों रुपये की वन संपदा जलकर नष्ट हो चुकी होती है।

लगातार भड़क रही जंगल की आग का सबसे अधिक असर वन्यजीवों और पर्यावरण पर पड़ रहा है। आग की चपेट में आकर सैकड़ों बेजुबान जीव-जंतु अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि जंगलों में मौजूद कई बहुमूल्य जड़ी-बूटियां भी जलकर नष्ट हो गई हैं। इसके अलावा धुएं के कारण आसपास के क्षेत्रों का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और वन विभाग से मांग की है कि जंगलों में लग रही आग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो भविष्य में इससे और बड़े नुकसान की आशंका बनी रहेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!