भोरंज सर्कल के भराड़ी में आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने एक मकान में छापेमारी कर विभिन्न ब्रांडों की 119 बोतल शराब बरामद की है। प्रारंभिक जांच और गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने शराब को जब्त कर लिया और मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी करने वाली टीम में सहायक आयुक्त हमीरपुर अपूर्व चंदेल, नितिन गुप्ता, एएसटीईओ भोरंज नमन गौतम, एएसटीईओ तमन्ना भारती तथा आबकारी पुलिस के जवान राजीव कुमार और अमित शामिल रहे। टीम ने मौके से ऊना नंबर-1 के 87 क्वार्टर, रॉयल स्टैग के 9 क्वार्टर, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर की 9 बोतलें और थंडरबोल्ट बीयर की 14 बोतलें बरामद कीं।
आबकारी विभाग ने मामले में आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए सहायक आयुक्त (आबकारी) हमीरपुर अपूर्व चंदेल ने कहा कि अवैध रूप से शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


