हिमाचल प्रदेश की बोह घाटी के बातूनी गांव के लोगों को लंबे इंतजार के बाद मोबाइल नेटवर्क की समस्या से राहत मिल गई है। मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों के बाद गांव में BSNL का मोबाइल टावर स्थापित कर दिया गया है। टावर शुरू होने के साथ ही गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बहाल हो गई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नेटवर्क नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, कर्मचारियों के जरूरी काम और आपातकालीन परिस्थितियों में संचार सुविधा उपलब्ध न होने से लोगों को काफी दिक्कतें होती थीं। इस समस्या को ग्रामीणों ने मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के समक्ष उठाया, जिसके बाद उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर समाधान की दिशा में प्रयास किए।

ग्रामीणों के अनुसार, केवल सिंह पठानिया ने इस मूलभूत समस्या को प्राथमिकता देते हुए इसे गंभीरता से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप बातूनी गांव में BSNL का मोबाइल टावर स्थापित किया गया। अब गांव के लोग मोबाइल कॉल, इंटरनेट और अन्य डिजिटल सेवाओं का बेहतर लाभ उठा सकेंगे।
इस अवसर पर बातूनी गांव के उपप्रधान रुलहेड़ ओम चंद सहित ग्रामीणों ने मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाने की पहल सराहनीय है। उनका कहना है कि नेटवर्क सुविधा का गांव तक पहुंचना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ग्रामीणों ने BSNL हिमाचल प्रदेश टेलीकॉम सर्किल, शिमला के मुख्य महाप्रबंधक (CGMT) राजन काम्बोज और विभाग के अधिकारियों का भी धन्यवाद किया। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय सहयोग से गांव में मोबाइल टावर स्थापित हो सका, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ।

उपप्रधान रुलहेड़ ओम चंद ने कहा कि मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों से बातूनी गांव अब बेहतर संचार सुविधा से जुड़ गया है। उन्होंने इसे ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब शिक्षा, संचार और डिजिटल सेवाओं का लाभ पहले से कहीं अधिक आसानी से मिल सकेगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


