हमीरपुर के बहुतकनीकी संस्थान बडू के कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र सर्वेश शर्मा हॉस्टल की बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बुधवार दोपहर करीब दो बजे हुई इस घटना के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। छात्र की हालत को देखते हुए उन्हें जबड़े की सर्जरी के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
भोरंज की बाहनवी पंचायत के रहने वाले सर्वेश शर्मा कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सत्र के छात्र हैं। हादसे में उनकी टांग में कई फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि जबड़ा भी टूट गया है। बताया गया है कि जिस स्थान पर वह गिरे, वहां कच्ची मिट्टी होने के कारण उन्हें कुछ हद तक बचाव मिला।
सर्वेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह कॉलेज से दोपहर के भोजन के लिए हॉस्टल लौटे थे। वह अपने कमरे की बालकनी में रेलिंग पर बैठे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। पुलिस के अनुसार, उनके कमरे में अंदर से कुंडी लगी हुई थी। मामले की जांच की जा रही है।
सर्वेश शर्मा पिछले कुछ समय से अपनी ड्रोन परियोजना को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने करीब 87 हजार रुपये की लागत से एक ड्रोन तैयार किया है, जिसका उद्देश्य सेना के लिए ड्रोन विकसित करना है। उनकी परियोजना के लिए सितंबर माह में सेना की ओर से 3.50 करोड़ रुपये की फंडिंग मंजूर किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इस उपलब्धि के बाद हिमाचल के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और सांसद अनुराग ठाकुर भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।
हालांकि, छात्र के घायल होने और उनकी ड्रोन परियोजना के बीच किसी तरह के संबंध की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना से एक दिन पहले मंगलवार को भारतीय सेना की ओर से कॉलेज प्रबंधन को ईमेल भेजा गया था। सेना ने सर्वेश शर्मा का पंजीकृत मोबाइल नंबर बंद होने के कारण उनका सक्रिय मोबाइल नंबर मांगा था। कॉलेज प्रबंधन ने सेना को उनका वैकल्पिक नंबर उपलब्ध करवाया और सर्वेश को भी इसकी जानकारी दी गई।
कॉलेज के प्राचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि सर्वेश बुधवार को कॉलेज पहुंचे थे और सेना को उनके मोबाइल नंबर की जानकारी दे दी गई थी।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के एमएस देशराज शर्मा ने बताया कि छात्र के जबड़े में फ्रैक्चर है और टांग में भी कई फ्रैक्चर हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर थी, लेकिन जबड़े की सर्जरी जल्द करवाना जरूरी होने के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को छात्र का बयान मिला है और उसके आधार पर मामले की जांच जारी है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


