धर्मशाला। कांगड़ा जिला के धर्मशाला स्थित चीलगाड़ी में शनिवार सुबह 27 वर्षीय युवती का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे मिला। मृतका की पहचान वार्ड नंबर छह निवासी शबनम पुत्री चरण दास के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत आत्महत्या के कारण हुई या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति का हाथ है।

पुलिस के अनुसार, शबनम शनिवार सुबह करीब छह बजे घर से निकली थी। कुछ समय बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घर से दिखाई देने वाली जगह पर आग जलती देखी। जब वे मौके पर पहुंचे तो युवती आग की चपेट में थी। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शबनम ने खुद आग लगाई थी या किसी अन्य ने उसे आग के हवाले किया।
चंडीगढ़ की निजी कंपनी में करती थी काम, हाल ही में लौटी थी घर
बताया जा रहा है कि शबनम मूल रूप से करेरी गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2023 से वह अपने माता-पिता, तीन बहनों और एक भाई के साथ चीलगाड़ी में रह रही थी। वह चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में काम करती थी और हाल ही में घर लौटी थी।

परिवार में उसकी बड़ी बहन की शादी चार दिसंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच शबनम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरपी जसवाल के अनुसार, युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आत्महत्या और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता फोरेंसिक साक्ष्यों और विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


