हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तरीय क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के लिए जगह बनाई है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले इन विद्यार्थियों की उपलब्धि से शाहपुर क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
क्विज प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की जैस्मिन ठाकुर ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडंज के नौवीं कक्षा के छात्र अंशुल ने नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की 12वीं कक्षा की छात्रा रुद्राक्षी शर्मा ने दूसरा स्थान हासिल किया। राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा नंदिनी ने छठा स्थान प्राप्त किया।

इस तरह जिला स्तर तक पहुंचीं प्रतियोगिताएं
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO)-cum-SDM शाहपुर की ओर से 12 नवंबर, 2026 को 17-शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तर पर क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 10-10 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया था।
इसके बाद जिला स्तरीय क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं 17 नवंबर, 2026 को राजकीय बीएड कॉलेज, धर्मशाला में आयोजित की गईं। इसमें शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला स्तर पर दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाले दो-दो विद्यार्थियों सहित शाहपुर के कुल चार विद्यार्थियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।

शिक्षण संस्थानों में खुशी का माहौल
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संबंधित शिक्षण संस्थानों में खुशी का माहौल है। इस सफलता को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया है।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO)-cum-SDM शाहपुर ने सभी प्रतिभागियों और चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी जागरूकता, ज्ञान, तार्किक क्षमता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


