शाहपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के शाहपुर दौरे के दौरान चोर गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों को निशाना बनाया। सिविल अस्पताल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह में जहां लोग मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम में व्यस्त थे, वहीं कथित तौर पर चोर लोगों की जेबों से नकदी, पर्स और महंगे मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंधों और भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद चोरों ने कई लोगों को निशाना बनाया।

मिली जानकारी के अनुसार, रैत स्थित कॉलेज के एमडी निर्मल सिंह भंद्राल का पर्स कार्यक्रम के दौरान जेब से चोरी हो गया। पर्स में करीब 5 हजार रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईसीएचएस कार्ड, कैंटीन कार्ड, एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। निर्मल सिंह भंद्राल ने इस संबंध में शाहपुर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं, शाहपुर कॉलेज के प्रिंसिपल विश्वजीत चौधरी भी इस घटना का शिकार हो गए। मुख्यमंत्री का स्वागत करने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से महंगा आईफोन-17 प्रो निकाल लिया। इस फोन की कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। उन्होंने भी शाहपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह फोन कुछ दिन पहले ही खरीदा था।
इतना ही नहीं, कार्यक्रम की कवरेज कर रहे स्थानीय पत्रकार विशाल वर्मा की जेब से भी करीब 3 हजार रुपये चोरी हो गए।

कई अन्य लोगों की जेब कटने की भी आशंका
सूत्रों के अनुसार, समारोह के दौरान कई अन्य लोगों की जेबें भी साफ किए जाने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जब सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था, तो भीड़ में सक्रिय चोर गिरोह कैसे वारदातों को अंजाम देता रहा?
फिलहाल, पीड़ितों की शिकायतों के बाद पुलिस के सामने इन घटनाओं की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


